मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजगढ़ जिले पहुंचे, जहां उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर भैंसवामाता क्षेत्र स्थित पवित्र दूध तलैया में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की।
राजगढ़@साबिर खान fm
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने भैंसवामाता और माता बिजासन के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर के प्रस्तावित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी ली और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मुख्यमंत्री का पारंपरिक रीति-रिवाजों से स्वागत किया गया, जहां आदिवासी नृत्य दल और कलश लेकर पहुंची बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की शुभकामनाएं दीं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण समिति द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट से बनाए जा रहे ईको ब्रिक्स की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी समूहों को 11 इलेक्ट्रिक वाहन भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे अभियान तभी सफल होंगे, जब उनमें समाज की सक्रिय भागीदारी होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने के संकल्प के साथ हरित एवं समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।






























