मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू पहुंचे। यहां उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैतूल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री ने कृष्णा आजीविका स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने समूह द्वारा तैयार किए जा रहे मावा और रबड़ी का स्वाद लिया तथा महिलाओं से उनकी आय, स्वरोजगार और शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की। महिलाओं ने बताया कि सरकारी योजनाओं के सहयोग से उन्हें मावा निर्माण की स्वचलित मशीन मिली है, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हुई है। समूह से जुड़ी महिलाएं पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मावा, रबड़ी, श्रीखंड निर्माण और कृषि कार्य के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 15 से 18 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कुकरू स्थित सिपना सनसेट पॉइंट का भी भ्रमण किया और प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संपदा से समृद्ध कुकरू को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे। शाम को आयोजित रात्रि चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।






























