मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करते हुए कहा कि उनकी संघर्षशील भूमिका के कारण आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र है।
भोपाल@साबिर खान fm
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने 96 वर्षीय लोकतंत्र सेनानी लक्ष्मी नारायण पाटीदार, 95 वर्षीय शांति लाल संघवी तथा पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता का विशेष सम्मान किया। कार्यक्रम में आपातकाल पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आपातकाल के दौर को लोकतंत्र का कठिन समय बताते हुए कहा कि उस समय नागरिक अधिकारों का हनन हुआ और लोकतंत्र सेनानियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करने वालों का सम्मान करना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत लोकतांत्रिक व्यवस्था के कारण विश्व में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है।
सम्मेलन में लोकतंत्र सेनानी संघ के पदाधिकारियों ने भी आपातकाल के दौरान जेल में रहे मीसाबंदियों के संघर्ष को याद किया और लोकतंत्र सेनानियों को स्वतंत्रता सेनानियों के समान सम्मान देने की मांग दोहराई। कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं लोकतंत्र सेनानी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं…
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकतंत्र सेनानियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने तीर्थाटन के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने, प्रदेश के रेस्ट हाउस एवं सर्किट हाउस में दो दिन तक नि:शुल्क ठहरने की सुविधा देने, दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों के नाम पर शिलालेख, पार्क, सड़क और खेल मैदान नामित करने की घोषणा की। इसके अलावा नि:शुल्क इलाज, एयर एंबुलेंस सुविधा, ताम्रपत्र से वंचित लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान पत्र उपलब्ध कराने तथा उनके सुझावों को शासन की योजनाओं में शामिल करने का भी आश्वासन दिया।






























