मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन जिले के महिदपुर में 207.57 करोड़ रुपये की लागत से 19 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इनमें सामाकोटा बैराज, उप-स्वास्थ्य केंद्र, महाविद्यालय भवन और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े निर्माण कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास, सिंचाई, रोजगार और किसान कल्याण को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।
महिदपुर@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिदपुर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने डोंगला स्थित आधुनिक ऑब्जर्वेटरी का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत भी बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के हित में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक हजारों करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।
किसानों के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है और आगामी वर्षों में इसे 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही किसानों को एमएसपी, भावांतर योजना और अन्य सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपने कार्यों और नेतृत्व की वजह से लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश और देश की जनता विकास और सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।






























