डायमंड पैलेस में विवाह समारोह के दौरान विवाद, दूल्हे और परिजनों पर दहेज मांगने का आरोप; पुलिस जांच में जुटी…
धार@साबिर खान fm
मध्यप्रदेश के धार शहर में एक विवाह समारोह के दौरान दहेज को लेकर विवाद सामने आने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग की और विवाद बढ़ने पर दुल्हन की विदाई कराए बिना ही बारात वापस लौट गई।
जानकारी के अनुसार, शहर के डायमंड पैलेस में आयोजित विवाह समारोह में जोबट से बारात आई थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हे और उसके परिजनों ने विवाह के दौरान अतिरिक्त दहेज की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर दुल्हन को अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान समारोह स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इस दौरान वीडियो और फोटो बना रहे एक फोटोग्राफर के साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है।
लड़की पक्ष ने दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दहेज मांगने के आरोपों की जांच जारी है। पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






























