सेवा, सुशासन और संकल्प से बदली देश की तस्वीर, विकसित भारत के संकल्प को मिली नई दिशा…
भोपाल@साबिर खान fm
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक विस्तृत ब्लॉग लिखकर प्रधानमंत्री के नेतृत्व, कार्यशैली और देश के विकास में उनके योगदान को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा, सुशासन और संकल्प के माध्यम से नए भारत के निर्माण का स्वर्णिम अध्याय लिखा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने ब्लॉग में लिखा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने केवल एक नई सरकार नहीं चुनी थी, बल्कि शासन की नई कार्यशैली और राजनीतिक संस्कृति को भी स्वीकार किया था। पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और आत्मविश्वास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना ऐतिहासिक उपलब्धि…
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनना नरेंद्र मोदी की कार्यशैली, जनविश्वास और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को सुरक्षा, आर्थिक मजबूती और वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया है, जिसके कारण भारत विश्व मंच पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है।
सेवा और सुशासन को बनाया शासन की पहचान…
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच में सेवा केवल कल्याणकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि शासन को जनता का सेवक और संरक्षक बनाने का प्रयास किया गया। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए।
उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया गया। इससे आम नागरिकों तक योजनाओं का लाभ सरल और सहज तरीके से पहुंचा।
विकसित भारत के संकल्प को मिली गति…
मुख्यमंत्री ने ब्लॉग में उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत का जो संकल्प देश के सामने रखा है, वह केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव की भावना से भी जुड़ा हुआ है। इसी सोच ने देश में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया है।
मध्यप्रदेश के विकास में मिला विशेष मार्गदर्शन…
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से मध्यप्रदेश में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली है। केन-बेतवा लिंक परियोजना, पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना, पीएम मित्र पार्क, भोपाल और इंदौर मेट्रो परियोजना, साइबर तहसील जैसी योजनाएं इसके उदाहरण हैं।
उन्होंने बताया कि धार में पीएम मित्र पार्क का भूमिपूजन स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना मध्यप्रदेश के प्रति उनके विशेष स्नेह और विश्वास को दर्शाता है।
सांस्कृतिक पुनर्जागरण को बताया बड़ी उपलब्धि…
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की एक प्रमुख उपलब्धि सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण को बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास और वैश्विक स्तर पर योग एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार ने देश के सांस्कृतिक आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है।
नए भारत की मजबूत आधारशिला…
मुख्यमंत्री ने अपने ब्लॉग के अंत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्षों को केवल योजनाओं और आंकड़ों से नहीं आंका जा सकता। यह कालखंड भारत के आत्मविश्वास, राष्ट्रीय चेतना और विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह दौर नए भारत की मजबूत आधारशिला रखने वाला कालखंड साबित हुआ है।






























