युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (माय भारत) के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा और विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ धार के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, गरडावद में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने पर केंद्रित रहा।
धार@साबिर खान fm
कार्यक्रम में माय भारत की जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 100 सप्ताह तक संचालित किया जाना है। अभियान के माध्यम से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के जरिए युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया।
इस दौरान युवाओं में जागरूकता और प्रेरणा के लिए माय भारत एवं नशा मुक्ति से संबंधित लघु वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।
प्रेजेंटेशन के जरिए नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. संजय भंडारी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने और विभिन्न प्रकार के व्यसनों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “एक सशक्त और विकसित भारत की नींव हमारे नशा मुक्त और जागरूक युवा ही रख सकते हैं।”
‘नशा मुक्त भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता
अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए ‘नशा मुक्त भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी चित्रकला के माध्यम से नशा मुक्ति को लेकर संदेश प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के बाद माय भारत की ओर से सभी सहभागी और विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
विद्यार्थियों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अमित सोनी ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में डॉ. मोहित वर्मा, माय भारत वॉलंटियर्स अमित भगोरे, राजू डोडवे, सुमित गावड़, प्रियांशु सक्सेना, विशाल कुमावत और अर्पित सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।






























