विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को मध्यप्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भोपाल स्थित उषा भाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वर्जन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे प्रारंभ होगा।
भोपाल@साबिर खान fm
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और व्यक्तियों को वर्ष 2024-25 के लिए 8 श्रेणियों में 11 राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर सर्कुलर इकॉनॉमी विषय से जुड़े पांच कोर्स मॉड्यूल्स का लोकार्पण करेंगे। साथ ही एप्को और INTACH द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेश के 16 जिलों की 500 बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेजों का भी विमोचन किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण के नवाचारों का होगा प्रदर्शन…
विश्व पर्यावरण दिवस के इस विशेष आयोजन में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और सर्कुलर इकॉनॉमी से जुड़े नवाचारों एवं उल्लेखनीय कार्यों की प्रदर्शनी और प्रस्तुतिकरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवात भी उपस्थित रहेंगे।
30 सितंबर तक चलेगा “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान…
राज्य सरकार के इस अभियान के अंतर्गत नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों, स्व-सहायता समूहों, नगरीय निकायों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों को बड़े स्तर पर पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के तहत लगाए गए पौधों की जियो-टैगिंग कर उनका पंजीयन Meri LiFE पोर्टल पर किया जाएगा। यह अभियान 5 जून से 30 सितंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में जनभागीदारी के साथ संचालित होगा।
जिलों में भी होंगे जन-जागरूकता कार्यक्रम…
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें जन-जागरूकता अभियान, संगोष्ठियां, रैलियां, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं, पौधारोपण कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण की शपथ जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और हरित भविष्य के निर्माण से जोड़ना है।






























