धर्म के इस महासंगम में राष्ट्र प्रेम का रहेगा समावेश, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड की टीम आयोजन को करेगी दर्ज,
पत्र परिषद् में यात्रा आयोजक राजीव यादव ने कहा 76 स्थानों पर होगा जलाभिषेक, मातृशक्तियों की सहभागिता से यात्रा को दिया ‘लाड़ली बहना राष्ट्र धर्म तिरंगा कावड़ यात्रा’ नाम..
धार@साबिर खान
श्रावण मास में भगवान शिव के पूजन का विशेष महत्व रहता है। यह पुरूषोत्तम मास चल रहा है। इससे पूजन का महत्व और अधिक बढ़ गया है। शिव पूजन में पैदल यात्रा करके भगवान के मंदिर तक कावड़ में जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने का विशेष महत्व रहता है। इसी भावना के निमित्त धर्म जागरण के उद्देश्य से 7 अगस्त को पीथमपुर से लेकर धार तक 1 लाख लोगों की सहभागिता से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। धर्म के इस महासंगम में राष्ट्र प्रेम का भी समावेश होगा। यात्रा में धर्मध्वजा के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी रहेगा। इस महा आयोजन को दर्ज करने के लिए गोल्डन बुक आॅफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम कार्यक्रम को कवर करेगी। यह बात शुक्रवार को यात्रा आयोजक भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने पत्र परिषद् में कार्यक्रम को लेकर जानकारी साझा करते हुए कही। पत्र परिषद् में भूमिका भाजपा नेता आशीष गोयल ने रखी।
बलिदानियों का करेंगे स्मरण..
पत्र परिषद् में श्री यादव ने बताया कि 12 ज्योतिर्लिंगों क्षेत्रों से जल बुलवाया गया है। 1 लाख परिवारों में कलश वितरण का काम चल रहा है। 3 हजार कार्यकर्ता इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए है। पीथमपुर को 6 सेक्टरों में बांटा गया है। क्षेत्र के बोकनेश्वर महादेव मंदिर में मुख्य जलाभिषेक होगा। इसके अतिरिक्त घाटाबिल्लौद क्षेत्र में कावड़ यात्रा निकलेगी। यहां पर चंबल नदी में स्थापित शिव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा। जलाभिषेक के दौरान प्रत्येक व्यक्ति देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिनायकों की आत्मा की शांति एवं उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करेगा। देश की आजादी में लाखों लोगों ने बलिदान दिया। अनेकों लोग ऐसे भी रहे जो बलिदान के बाद भी गुमनाम रहे। ऐसी समस्त हुतात्माओं को याद किया जाएगा और उनकी स्मृति में भगवान शिव का पूजन करने के साथ अखंड राष्ट्र और संगठित राष्ट्र का संकल्प लिया जाएगा।
हर सेक्टर से निकलेगी यात्रा..
श्री यादव ने बताया कि धार के 30 वार्डों को 5-5 वार्डों के 6 सेक्टरों में बांटा गया है। यहां से यात्राएं धारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में भगवान धारनाथ के जलाभिषेक को लेकर व्यवस्थाओं को सुगम बनाया जा रहा है। मातृशक्तियों की टोली भी कावड़ यात्रा के आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई है, इसलिए कावड़ यात्रा को ‘लाड़ली बहना राष्ट्र धर्म तिरंगा कावड़ यात्रा’ नाम दिया गया है। आजादी के अमृत महोत्सव के 76वें वर्ष में हम है। इसके निमित्त 76 शिव मंदिरों में 1 लाख लोगों द्वारा कावड़ कलश जल चढ़ाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम संरक्षक पूर्व विधायक करण सिंह पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष अनंत अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ हिंदू नेता निर्भय सिंह पटेल, नगर पालिका पीथमपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पटेल ने पिछले कई दिनों से ज्योतिर्लिंगों से जल लाने से लेकर कलश वितरण तक की तैयारियों की जानकारियां दी।
पत्र परिषद् में धार नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा महेश बोढ़ाने, पीथमपुर के वरिष्ठ नेता अशोक पटेल, विजय रघुवंशी, पूर्व मंडी अध्यक्ष अंतर सिंह नागर, तिरला के वरिष्ठ नेता रामकिशन पाटीदार, आसाराम पाटीदार, वीरेंद्र पाटीदार, राजाराम मुकाती, राजेश जैन, प्रशांत ठाकरे, सनी रिन, मनोज ठाकुर, महेश बोड़ाने, रवि मेहता, नपा उपाध्यक्ष मयंक महाले, संजय मकवाना, श्रीमती अनीता महाले, पार्षद श्रीमती सुमित्रा मकवाना, पार्षद श्रीमती पूजा अग्रवाल आदि उपस्थित थे।






























