अतिवृष्टि-बाढ़ को लेकर CM यादव अलर्ट, SDRF-NDRF की तैयारियों का लिया जायजा; बोले- कुछ दिन और बारिश, सावधानी जरूरी..
भोपाल@साबिर खान fm
मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 5 सितंबर को भोपाल स्थित होमगार्ड कार्यालय के SDRF स्टेट कमांड सेंटर पहुंचकर प्रदेश में बाढ़ और राहत-बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम से प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे रेस्क्यू और राहत कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रशासन की तैयारियों और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात SDRF और NDRF टीमों की मुस्तैदी की भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह नागरिकों के साथ खड़ी है।
एक महीने में 2783 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बीच पिछले एक महीने में SDRF और NDRF की टीमों ने 2783 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया है।
उन्होंने कहा कि अचानक आई बाढ़ और जलभराव जैसी परिस्थितियों में रेस्क्यू टीमों की तत्परता से लोगों के साथ-साथ मवेशियों को भी सुरक्षित बचाया गया। मुख्यमंत्री ने पुलिस और बचाव दल के जवानों के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
कुछ दिन और बारिश के आसार, CM ने सावधानी बरतने को कहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अभी कुछ दिन और बारिश का मौसम रहने की संभावना है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और प्रशासन को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण कई बार निचले हिस्सों में अचानक पानी भर जाता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव दलों को सतर्क रहना जरूरी है।
SDRF-NDRF टीमें पूरी तरह मुस्तैद
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में SDRF और NDRF की टीमें मुस्तैद हैं। अचानक आने वाली बाढ़ जैसी परिस्थितियों में इन टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि पिछले 2 से 4 दिनों में किसी बड़े आपातकाल की स्थिति सामने नहीं आई है, जो राहत की बात है। हालांकि मौसम को देखते हुए प्रशासन को लगातार अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जनता से किया सीधा संवाद
बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ली और प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय सरकार का प्राथमिक उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत दल लगातार सक्रिय हैं बनाए रखना जरूरी है।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से अपील की कि बारिश के दौरान निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक जोखिम न लें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना को देखते हुए सतर्कता।






























