धार के किला मैदान में संयुक्त परेड की सलामी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का हुआ सीधा प्रसारण; उत्कृष्ट कार्य करने वालों और प्रतिभाओं का सम्मान..
धार@साबिर खान fm
जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित किला मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
समारोह में कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के साथ संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। एसएएफ और पुलिस प्लाटून द्वारा हर्ष फायर किया गया, जबकि पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय धुन प्रस्तुत की। कलेक्टर ने संयुक्त परेड की सलामी ली और परेड में शामिल दलों के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। संयुक्त परेड का नेतृत्व परिवीक्षाधीन डीएसपी गगन हनवत ने किया।
जिलेवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं..
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह देश के लिए गौरव और गर्व का अवसर है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए जिलेवासियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व का पथ-प्रदर्शक बने, इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने जिले और प्रदेश के विकास में मिल-जुलकर योगदान देने की अपील की।
संयुक्त परेड में दिखा अनुशासन और देशभक्ति..
मुख्य समारोह में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, एनसीसी पीजी कॉलेज बॉयज सहित विभिन्न विभागों और विद्यालयों के दलों ने मार्चपास्ट में हिस्सा लिया। परेड के दौरान जवानों और विद्यार्थियों ने अनुशासन और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
‘धार जिले की विकास गाथा’ पुस्तक का वितरण ।
समारोह के दौरान जनसंपर्क विभाग की ओर से जिले के विकास कार्यों और प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित ‘धार जिले की विकास गाथा’ पुस्तक का वितरण किया गया।
पुस्तक में दी गई जानकारी के अनुसार, विगत ढाई वर्षों में जिले के समग्र विकास पर 9,451.16 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।
कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में भी जिले ने उपलब्धि हासिल की है। नेशनल अप्रेन्टशिप स्कीम के तहत 964 प्रशिक्षुओं के लक्ष्य के मुकाबले 5,008 प्रशिक्षुओं को विभिन्न कंपनियों में अप्रेन्टिस के रूप में जोड़ा गया, जिसके चलते धार ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 43,287 हितग्राहियों को 5,194.44 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 3,95,956 हितग्राहियों को 1,713.31 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई।
पीएम मित्र पार्क और नए औद्योगिक क्षेत्र से रोजगार की उम्मीद..
जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिए भी कार्य जारी हैं। औद्योगिक क्षेत्र भैंसोला में 88.75 करोड़ रुपये की लागत से 205.409 हेक्टेयर क्षेत्र में पीएम मित्र पार्क विकसित किया जा रहा है।
इसके अलावा जेतपुरा में 21 हेक्टेयर क्षेत्र में नवीन औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। यहां 107 औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित की जा चुकी है। इससे करीब 130 करोड़ रुपये का निवेश और 450 लोगों के रोजगार का प्रस्ताव बताया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण..
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम दिए गए संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री का संदेश देखा और सुना।
इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को कलेक्टर ने प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मीसाबंदियों/लोकतंत्र सेनानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का भी सम्मान किया गया।
परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विजेताओं का सम्मान..
स्वतंत्रता दिवस समारोह में आयोजित प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दलों को भी सम्मानित किया गया।
परेड सीनियर वर्ग में विशेष सशस्त्र बल ने प्रथम, महिला बल ने द्वितीय और एनसीसी पीजी कॉलेज बॉयज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
परेड जूनियर वर्ग में एनसीसी उत्कृष्ट विद्यालय धार बालक प्रथम, एनसीसी उत्कृष्ट विद्यालय धार बालिका द्वितीय और स्काउट गाइड मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धार तृतीय स्थान पर रहा।
वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय भोज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धार ने प्रथम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-4 ने द्वितीय और उत्कृष्ट विद्यालय धार ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विजेता प्रतिभागियों और दलों को समारोह में पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और नागरिक..
समारोह में विधायक श्रीमती नीना वर्मा, निलेश भारती सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, वनमंडलाधिकारी विजयानंथम टी.आर., जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
समारोह का संचालन प्रवीण शर्मा एवं उनकी टीम ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।






























