मध्यप्रदेश के हवाई यातायात और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को बड़ी मजबूती देते हुए इंदौर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को इंदौर एयरपोर्ट पर आयोजित भव्य समारोह में नई फ्लाइट को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया और यात्रियों को प्रतीकात्मक बोर्डिंग पास भी सौंपे।
इंदौर@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उड़ान मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू की गई है और इससे प्रदेश के व्यापार, उद्योग, पर्यटन तथा निवेश को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधुनिक विमानन नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है और मध्यप्रदेश भी इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अब 3 से 4 घंटे में पहुंचेगा अबू धाबी..
सीएम डॉ. मोहन यादव ने बताया कि अब तक इंदौर से अबू धाबी जाने वाले यात्रियों को दिल्ली या मुंबई होकर यात्रा करनी पड़ती थी, जिसमें 7 से 8 घंटे का समय लगता था। लेकिन अब सीधी उड़ान शुरू होने से यह सफर महज 3 से 4 घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे प्रवासी भारतीयों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
सरकार देगी फ्लाइट पर सब्सिडी..
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर अंतरराष्ट्रीय उड़ान पर 15 लाख रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के कारण यात्रियों को राहत मिलेगी और जहां पहले टिकट का किराया करीब 25 हजार रुपये तक पहुंचता था, वहीं अब यह लगभग 12 से 14 हजार रुपये के बीच उपलब्ध हो सकेगा। टिकट मूल्य में आने वाले अंतर का वहन सरकार करेगी।
प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा विमानन नेटवर्क…
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार विमानन सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। सरकार बनने के बाद प्रदेश में तीन नए एयरपोर्ट शुरू हुए हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी एयरपोर्ट निर्माणाधीन हैं। आने वाले समय में प्रदेश में कुल 10 एयरपोर्ट उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि भविष्य में जबलपुर-कोलकाता, भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना और रीवा-कोलकाता जैसी नई उड़ानें भी शुरू की जाएंगी। वहीं इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा भी संचालित की जा रही है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
आर्थिक विकास और पर्यटन को मिलेगा लाभ..
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रदेश की आर्थिक प्रगति के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि अबू धाबी से मध्यप्रदेश का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध भी रहा है। नई उड़ान से व्यापार, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे तथा मध्यप्रदेश की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी।






























