पीथमपुर को मिलेगी 272 करोड़ की औद्योगिक सौगात, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे लियुगोंग इंडिया की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमि-पूजन..
पीथमपुर@साबिर खान fm
धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र को 8 जुलाई को एक और बड़ी औद्योगिक सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां लियुगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमि-पूजन करेंगे। 272 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाला यह प्लांट मध्यप्रदेश को निर्माण उपकरण विनिर्माण के बड़े केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाएगा।
चीन की अग्रणी निर्माण उपकरण निर्माता कंपनी गुआंग्शी लियुगोंग मशीनरी कंपनी लिमिटेड की भारतीय इकाई पीथमपुर में करीब 20 एकड़ क्षेत्र में अपना नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करेगी। इस परियोजना में 272 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।
प्रारंभिक चरण में इस प्लांट में प्रतिवर्ष 6,500 निर्माण उपकरण, विशेष रूप से एक्सकेवेटर, तैयार किए जाएंगे। इससे देश में निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, आयात पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
लियुगोंग इंडिया वर्ष 2008 से पीथमपुर में अपनी विनिर्माण इकाई संचालित कर रही है। वर्ष 2009 में इसी इकाई से पहला ‘मेड इन इंडिया’ व्हील लोडर तैयार किया गया था। वर्तमान संयंत्र में अनुसंधान एवं विकास (R&D) तथा प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित हैं, जहां 500 से अधिक भारतीय युवा पेशेवर कार्यरत हैं।
कंपनी के 4 हजार से अधिक निर्माण उपकरण देशभर में सड़क निर्माण, खनन, जलविद्युत और पाइपलाइन जैसी आधारभूत परियोजनाओं में उपयोग किए जा रहे हैं। नया संयंत्र बढ़ती मांग को पूरा करने के साथ पीथमपुर और मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगा।
राज्य सरकार का कहना है कि निवेशक हितैषी नीतियों, बेहतर औद्योगिक अधोसंरचना और सरल प्रक्रियाओं के कारण मध्यप्रदेश वैश्विक निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। लियुगोंग इंडिया का यह विस्तार प्रदेश में बढ़ते औद्योगिक निवेश और रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






























