NEET-UG 2026, भर्ती परीक्षाओं में देरी और उच्च शिक्षा की बदहाली पर सरकार को घेरा, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही की उठाई मांग..
भोपाल@अमीन खान
मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत NEET-UG 2026, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, उच्च शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा सत्र में भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।
प्रेस वार्ता में उनके साथ अभियान के संयोजक डॉ. अंशुल त्रिवेदी भी मौजूद रहे। उमंग सिंघार ने कहा कि पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, शिक्षकों की कमी और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों से लाखों छात्र प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार यह केवल परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का “छात्रों की गूंज” अभियान 25 जून से 9 अगस्त 2026 तक देशभर में चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 1 अगस्त को जिला कलेक्टर कार्यालयों के बाहर “छात्र सत्याग्रह” और 9 अगस्त को “दिल्ली चलो” कार्यक्रम प्रस्तावित है।
प्रेस वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने मध्यप्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में देरी, परीक्षा केंद्रों की समस्याओं, परिणामों में विलंब और सरकारी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना आवश्यक है।
NEET-UG 2026 के संदर्भ में उन्होंने कहा कि कथित पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का भरोसा प्रभावित किया है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग दोहराई।
इस दौरान डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने बताया कि अभियान के लिए 25 सदस्यों की कोर टीम बनाई गई है। उन्होंने कहा कि छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री के नाम खुला पत्र तैयार किया गया है, जिसमें सभी शिक्षण संस्थानों में मेंटल हेल्थ काउंसिल और प्रशिक्षित मेंटल हेल्थ काउंसलर की नियुक्ति की मांग की गई है।
प्रेस वार्ता के बाद उमंग सिंघार और डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने भोपाल के अंबेडकर पार्क में NEET-UG 2026 पेपर लीक प्रकरण से जुड़े छात्रों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी हिस्सा लिया।






























