Dhar Collector Reviews Key Schemes, Issues Strict Instructions on Wheat Storage, Jal Ganga Campaign and Maternal Health..
धार@साबिर खान fm
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आगामी बारिश को देखते हुए गेहूं उपार्जन, सुरक्षित भंडारण, जल संरक्षण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री मीना ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा उपार्जन एजेंसियों को निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्रों से गेहूं का परिवहन समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश के दौरान किसी भी स्थिति में गेहूं खराब या भीगना नहीं चाहिए। यदि परिवहन में देरी होती है तो गेहूं को तत्काल सुरक्षित गोदामों अथवा कवर्ड स्टोरेज में रखा जाए।
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी सीएमओ और जनपद पंचायत सीईओ को प्रत्येक ग्राम पंचायत में पारंपरिक कुओं और बावड़ियों की पहचान कर उनके गहरीकरण और जीर्णोद्धार का कार्य जनसहयोग एवं श्रमदान से कराने के निर्देश दिए। स्कूलों में पेयजल टंकियों की सफाई और खेत तालाब योजना की प्रविष्टियां समय पर पोर्टल पर अपडेट करने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के तहत पात्र हितग्राहियों के चिन्हांकन और पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं बदनावर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा बैठक में मांगी गई जानकारी प्रस्तुत नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा के दौरान लाड़ली बहना योजना में बैंक खातों और आधार सीडिंग की प्रगति का आकलन किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी जनसुरक्षा योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए जनसुरक्षा पोर्टल के उपयोग का प्रदर्शन कराने के निर्देश दिए गए।
महिला सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में बालिका शौचालयों की स्थिति की जानकारी मांगी तथा महाविद्यालयों में यूथ विंग गठन की प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए। इसके अलावा विभिन्न विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को संयुक्त रूप से जिम्मेदारी सौंपते हुए गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत चार एएनसी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मॉडरेट एवं गंभीर एनीमिया तथा हाइपरटेंशन से पीड़ित महिलाओं की पहचान कर विशेष उपचार उपलब्ध कराने और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी मामलों की लगातार निगरानी करने को कहा गया।
किसानों की सुविधा के लिए फार्मर रजिस्ट्री अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए राजस्व अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन विशेष शिविर लगाने को कहा गया। आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए खाद-उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, उन्हें भी नियमानुसार खाद के टोकन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगरीय क्षेत्रों में जर्जर भवनों को हटाने, धारणाधिकारी योजना के लंबित प्रकरणों के निराकरण, गीता भवन निर्माण कार्य की प्रगति तथा सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों के त्वरित समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक चौधरी, सहायक कलेक्टर सुश्री आशी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


































