यातायात सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत गुरुवार को उत्कृष्ट विद्यालय में यातायात विभाग द्वारा विद्यार्थियों को यातायात नियमों की समझाइश दी गई।
धार@टीम भारतीय न्यूज़
इस दौरान सीएसपी देवेंद्र धुर्वे ने विद्यार्थियों को कहा कि आपको हमेशा यातायात नियमों का पालन करना है। 18 साल की उम्र होने पर ही वाहन चलाना है। हमेशा अपने बड़ों को भी नियमों को पालन करने की समझाइश दे। उन्हें बताएं कि दोपहिया वाहन अगर चला रहे तो बिना हेलमेट के वाहन नहीं चलाए। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क हादसे में हो रही मौत के मामले में धार जिला नंबर वन है। हमें दुर्घटना में कमी लाने के लिए हमेशा यातायात नियमों का पालन करना है।
जिले में शत प्रतिशत यातायात नियमों के पालन एवं हेलमेट व सीट बेल्ट की महत्वपूर्ण एवं अनिवार्यता के संबंध व सड़क दुर्घटना में कमी लाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। एसपी मनोज कुमार सिंह ने जिले के समस्त विद्यालयों में जागरूकता संदेश देने के लिए जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया। इसी तारतम्य में धार शहर के उत्कृष्ट विद्यालय में नगर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र धुर्वे, थाना प्रभारी कोतवाली दीपक चौहान, निरीक्षक रेणु अग्रवाल एवं थाना प्रभारी यातायात सूबेदार रोहित निकम सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता से विद्यार्थियों को अवगत कराया।






























