पर्यटन बोर्ड की महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना का संचालन किया जा रहा है।
धार@साबिर खान
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा संचालित महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत जिला प्रशासन के सहयोग से धार जिले में आज जिला मुख्यालय धार सहित पर्यटन नगरी मांडू और गुफाओं की नगरी बाग में सुरक्षा ऑडिट एवं अधोसंरचना अंतराल की प्रक्रिया की गई। इसके तहत महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी तैयार की गई। साथ ही अधोसंरचना की भी रिपोर्ट तैयार की गई।
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार अलग-अलग टीमें बनाकर आज तीनों पर्यटन स्थलों पर यह प्रक्रिया की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद को निर्देश दिए थे कि समय सीमा में यह सुरक्षा ऑडिट एवं अधोसंरचना अंतराल संबंधी प्रक्रिया को पूरा किया जाए। इसी के परिपालन में शुक्रवार को धार में किले सहित बस स्टैंड व अन्य प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा ऑडिट की प्रक्रिया की गई। इसके अलावा मांडू के ऐतिहासिक स्थलों पर भी यह प्रक्रिया की गई। बाग नगरी में भी अलग-अलग टीमों द्वारा प्रक्रिया की गई। वसुधा विकास संस्थान की मैदानी टीम सहित पुलिस विभाग, नगरपालिका तथा संबंधित विभागों की टीम द्वारा यह कार्य संयुक्त रूप से किया गया। धार किले में आयोजित सुरक्षा ऑडिट प्रक्रिया के दौरान धार जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधकारी श्री प्रवीण शर्मा सहित वसुधा संस्थान की डायरेक्टर डॉ गायत्री परिहार, धार नगरपालिका की ओर से श्री पीयूष जोशी आदि मौजूद थे। मांडव पर्यटन स्थल पर मयूरी वर्मा सीएमओ नगर परिषद, माँडव, प्रशांत पाठन्कर, भारतीय पुरातत्व सर्वे, प्रकाश शाही उप निरीक्षक पर्यटन चौकी मांडव आरक्षक देवेंद्र सिंह सादिक खान नगर परिषद, बलदेव ठाकुर सब इंजीनियर नगर परिषद सेफ्टी ऑडिट के दल में उपस्थित रहे बता दें कि प्रदेश में 50 पर्यटन स्थल में महिला सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के माध्यम से महिला सेवा प्रदाता एवं महिला पर्यटकों को कैसे एक सुरक्षित वातावरण दिया जा सके, इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। पर्यटन स्थल पर महिलाओं की मूलभूत आवश्यकता की कमी को कैसे विभिन्न विभाग से मिलकर पूरा किया जा सके, इस उद्देश्य से मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा अभियान शुरू किया गया है।






























