विगत दिवस म प्र फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा सिंगरोली में दिनांक 9 दिसंबर से 12 दिसंबर 2022 तक आयोजित चयन स्पर्धा में धार के होनहार प्रतिभावाशाली फुटबॉलर विश्वप्रतापसिह भाटी ने इन्दौर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने शानदार खेल के प्रदर्शन से सभी चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
धार@साबिर खान
चयन स्पर्धा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विश्व प्रताप सिंह भाटी ने ” संतोष ट्रॉफी” सिनियर राष्ट्रीय फुटबॉल स्पर्धा हेतु “म.प्र सिनियर राष्ट्रीय फुटबॉल दल” में चयनित हो कर धार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है । ज्ञात रहे भाटी “संतोष ट्रॉफी” राष्ट्रीय फुटबॉल स्पर्धा हेतु चयनित होने वाले धार के पहले खिलाड़ी हैं। उक्त जानकारी देते हुए इमानुएल तिमोथी ( दादु सर)ने बताया कि स्पर्धा में प्रदेश के लगभग 50 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। सिनियर राष्ट्रीय फुटबॉल स्पर्धा “संतोष ट्रॉफी” दिनांक 7 जनवरी से 15 जनवरी 2023 तक कोल्हापुर में खेली जावेगी। जिसमें भाग लेने हेतु विश्व प्रताप सिंह भाटी म.प्र सिनियर फुटबॉल दल के साथ आज कोल्हापुर के लिए प्रस्थान करेंगे। भाटी के राष्ट्रीय स्पर्धा में चयनित होने पर उनके प्रशिक्षक इमानुएल तिमोथी ( दादु सर) ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि” प्रतिभाए सुविधाओं की मोहताज नहीं होती है ” राजा भोज की धारा नगरी के उभरते हुए फुटबॉलर विश्व प्रताप सिंह भाटी ऐसी ही प्रतिभा हैं जिन्होंने अपने प्रशिक्षक से प्रेरणा और प्रोत्साहन पा कर 10 वर्ष की अल्प आयु से ही किला मैदान पर फुटबॉल खेलना शुरू कर दिया था। उसके खेलने की स्पीड, स्कील वर्क,बाल कन्ट्रोल, आदि ने बचपन से ही सभी को प्रभावित कर दिया था । भाटी वर्तमान में सांई धाम क्लब महू(कोदरिया) से अनुबंधीत हो कर इन्दौर जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भाटी ने अभी तक लगभग पांच शालेय राष्ट्रीय फुटबॉल स्पर्धा,दो ओपन राष्ट्रीय स्पर्धा,एक खेलों इण्डिया खेलों स्पर्धा में भाग ले कर अपनी श्रेष्ठ खेल प्रतिभा का परिचय दिया है। भाटी के राष्ट्रीय स्पर्धा में चयनित होने पर सभी पूर्व वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ीयों ने बधाई प्रेषित कर स्पर्धा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अग्रिम शुभकामना दी है।






























