मार्निंग बैडमिंटन क्लब झाबुआ द्वारा विगत दिवस बहुउद्देशीय बैडमिंटन हाल में आयोजित अन्तर राज्य स्तरीय बैडमिंटन स्पर्धा में लिटिल शटलर ग्रुप की प्रतिभावान शटलर शिवानी चौधरी ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए महिला एकल वर्ग में विजेता का खिताब जीतकर अपनी श्रेष्ठ खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
धार@साबिर खान
शिवानी ने अपने प्रारंभिक मुकाबलों में आशा बांसवाड़ा ( राजस्थान), फोजिया खान म.प्र,को पराजित कर स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई।महिला एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में शिवानी ने मुस्कान को सीधे सेटों में आसानी 21-13,21-10 से पराजित विजेता का खिताब जीता। विजेता का खिताब जीतने पर शिवानी को आयोजन समिति द्वारा रू.7777/- नगद राशि एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर पुरूस्कृत किया गया। स्पर्धा में पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी राहुल सिंह ने भी अपनी पूरी क्षमता के साथ उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन करते हुए स्पर्धा में पराजित हो कर भी झाबुआ के सभी खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया। सभी दर्शकों ने राहुल के खेल एवं जूनून की सराहना की। भिण्ड निवासी राहुल वर्तमान में राजा देवीसिंह बैडमिंटन हाल धार में सुधीर वर्मा बैडमिंटन प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने खेल के स्तर को निखार रहे हैं । राहुल सिंह को स्पर्धा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर आयोजन समिति द्वारा रूप.2100/- एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर पुरूस्कृत किया गया । उभरती हुई शटलर मुस्कान जाट ने भी उच्च स्तरीय श्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन किया जिसकी बैडमिंटन हाल में उपस्थित सभी खेल प्रेमियों ने सराहना की। स्पर्धा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सभी शटलरो को संस्था अध्यक्ष एवं सचिव सहित पालकगणो ने बधाई प्रेषित कर हार्दिक शुभकामना दी है।






























