सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने घटना को दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
सागर@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब सेवन के बाद हुई मौतों पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रभारी मंत्री और संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की तत्काल जांच करने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले में जो भी लोग जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी CM जगदीश देवड़ा ने ली अधिकारियों से जानकारी
मामले में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी विभाग के मंत्री जगदीश देवड़ा ने भी अधिकारियों से तत्काल घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में जांच के साथ-साथ पीड़ितों के लिए राहत और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से कुछ लोगों की मृत्यु हुई है और कुछ लोग उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नौराज और गूगरा खुर्द में पहुंचा प्रशासन
बताया गया है कि बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में शराब सेवन के बाद मौतों की घटना सामने आई है। इसके बाद सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति की निगरानी की।
अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों से जुड़ी चिकित्सा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
7 शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश
प्रशासन ने मामले में एहतियाती कदम उठाते हुए क्षेत्र की 7 शराब दुकानों को सील कर दिया है। साथ ही शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौतों और बीमारियों के पीछे शराब की गुणवत्ता या अवैध शराब का कोई संबंध है या नहीं।
प्रशासन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
लोगों से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे एहतियात के तौर पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराएं।
फिलहाल प्रशासन की जांच जारी
बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। मौतों के वास्तविक कारण और शराब के स्रोत की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो





























