मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान प्रदेश के किसानों को बड़ी आर्थिक सौगात दी। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 3,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई। किसानों को वर्ष 2025-26 की तीसरी और 2026-27 की पहली किस्त के रूप में 4-4 हजार रुपए प्राप्त हुए।
किसानों के सम्मान के साथ कई बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जैविक खेती, हाईटेक खेती और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का सम्मान किया। साथ ही मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने खंडवा में नई पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा खंडवा-मूंदी मार्ग के लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू करने तथा अगले महीने से प्रदेश में सरकारी रोडवेज बस सेवा शुरू करने की भी घोषणा की।
‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में लगातार फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत पूरे प्रदेश में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।
सिंचाई और आधुनिक खेती पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुका है। पिछले ढाई वर्षों में इसमें 10 लाख हेक्टेयर से अधिक की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि किसानों को आधुनिक खेती, ड्रोन तकनीक, प्राकृतिक खेती और बेहतर सिंचाई सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। साथ ही वर्षाकाल के बाद किसानों को दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
लाड़ली बहनों, रोडवेज और एयर एंबुलेंस का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। अगले महीने से नागरिकों को सरकारी रोडवेज बसों की सुविधा मिलेगी। साथ ही जरूरतमंदों के लिए एयर एंबुलेंस सेवा और धार्मिक स्थलों के विकास पर भी सरकार कार्य कर रही है।
यूसीसी पर भी दिया बयान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में समान नागरिक संहिता (UCC) का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इसे विधानसभा से पारित कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कराए गए सर्वे में बड़ी संख्या में सुझाव प्राप्त हुए और उन्होंने दावा किया कि सर्वे में 76 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम महिलाओं ने यूसीसी के समर्थन में राय दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री का किसानों ने पारंपरिक हल भेंट कर स्वागत भी किया।






























