मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, पुलिस बल की मजबूती, नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और आगामी त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की।
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों का पुलिस पर विश्वास सबसे बड़ी पूंजी है और इसे हर हाल में बनाए रखना जरूरी है।
25 हजार पदोन्नतियों पर अधिकारियों को दी बधाई…
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में पुलिस विभाग में विभिन्न स्तरों पर हुई करीब 25 हजार पदोन्नतियों को ऐतिहासिक बताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित पदोन्नतियों को पूरा करने से पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा और आम जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं मिलेंगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में भी पदोन्नति प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से हो और इसके लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाए।
नए कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें…
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजधानी से लेकर जिलों तक पुलिस बल को आगामी त्योहारों और स्वतंत्रता दिवस के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखनी होगी।
नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग उच्च शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर स्कूलों और कॉलेजों में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता अभियान चलाए। अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाए।
साथ ही अन्य राज्यों से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए गए।
उद्योगों को मिले प्रशिक्षित सुरक्षा स्टाफ…
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तेजी से औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है। ऐसे में उद्योगों और संस्थानों की सुरक्षा के लिए एसआईएसएफ के माध्यम से लाइसेंसधारी सुरक्षा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि निवेशकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
रिक्त पद जल्द भरें, विशेष जनजातियों को मिले अवसर
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने और बैकलॉग समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बैगा, सहरिया और भारिया जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के युवाओं को पुलिस सहित विभिन्न सेवाओं में भर्ती के अवसर देने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी गणतंत्र दिवस तक प्रत्येक जिले का अपना पुलिस बैंड तैयार हो जाना चाहिए।
पुलिस संसाधनों पर भी हुई चर्चा….
बैठक में पुलिस हाउसिंग बोर्ड, नए वाहनों की आवश्यकता, पुलिस भर्ती बोर्ड की कार्यप्रणाली तथा एफएसएल की तर्ज पर सीन ऑफ क्राइम जांच व्यवस्था को और मजबूत बनाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।






























