मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही ‘डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड’ शुरू करेगी। इसका उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले और जनजागरूकता फैलाने वाले डिजिटल क्रिएटर्स को सम्मानित करना है।
इंदौर@साबिर खान fm
यह घोषणा इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘मध्यप्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026’ के दौरान डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स के साथ संवाद कार्यक्रम में की गई। इस अवसर पर इंदौर, उज्जैन, धार सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कई कंटेंट क्रिएटर्स ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का युवा केवल सोशल मीडिया पर वीडियो या पोस्ट नहीं बना रहा, बल्कि समाज को नई दिशा देने का कार्य भी कर रहा है। सकारात्मक सोच, नवाचार और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा डिजिटल कंटेंट समाज में जागरूकता और परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आज युवाओं की आवाज़ बन चुके हैं। जिम्मेदार और रचनात्मक कंटेंट के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार उत्कृष्ट कार्य करने वाले डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को ‘डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड’ से सम्मानित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार डिजिटल नवाचार, रचनात्मकता और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह पहल युवाओं को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण डिजिटल कंटेंट तैयार करने के लिए प्रेरित करेगी और मध्यप्रदेश को डिजिटल इनोवेशन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित डिजिटल इंफ्ल्यूएंसर्स ने भी मुख्यमंत्री के साथ संवाद करते हुए अपने सुझाव और अनुभव साझा किए। इस घोषणा को प्रदेश के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।






























