मध्यप्रदेश की युवा शक्ति को नई दिशा और नए अवसर देने के उद्देश्य से इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘My Youth-My Pride Conclave-2026’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इंदौर@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और मध्यप्रदेश सबसे युवा प्रदेश होने के कारण यहां की युवा शक्ति राज्य के विकास की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरी झंडी दिखाकर ‘आजाद साइकिल रैली’ को रवाना किया। यह रैली अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाभरा तक जाएगी। इस अवसर पर युवाओं ने विकसित और प्रगतिशील मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री को “युवा संकल्प पत्र” का प्रारूप भी सौंपा।
युवाओं के लिए सरकार की कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि होम-स्टे शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मेडिकल शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण की सुविधा आसान बनाई गई है। रोजगारपरक उद्योग स्थापित करने पर प्रत्येक श्रमिक के वेतन में सरकार 5 हजार रुपये तक की सहायता दे रही है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपये का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। गंभीर मरीजों के लिए पीएमश्री एयर एम्बुलेंस जैसी सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
महापुरुषों से प्रेरणा लेने का आह्वान…
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, मदनलाल ढींगरा और क्रांतिसूर्य टंट्या मामा जैसे महानायकों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संघर्ष और परिश्रम से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने उद्योगपति मुकेश अंबानी के संघर्ष का उदाहरण देते हुए युवाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का संकल्प लेने की बात कही।
2027 होगा ‘युवा वर्ष’..
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में समर्पित करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश का विकास युवाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। सरकार शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप, नवाचार, खेल और रोजगार के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है ताकि मध्यप्रदेश के युवा विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभा सकें।
युवाओं ने रखा विजन-2047 का रोडमैप…
कॉन्क्लेव में युवाओं ने शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, खेल, प्राकृतिक खेती, नवाचार और डिजिटल उद्यमिता जैसे विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। युवाओं ने प्राकृतिक खेती, डिजिटल मार्केटिंग, पॉलीहाउस खेती और स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण को भविष्य की दिशा बताया तथा विकसित मध्यप्रदेश-2047 के निर्माण का संकल्प दोहराया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘My Youth-My Pride Conclave-2026’ युवाओं को नए अवसर देने वाला एक सशक्त मंच साबित होगा और प्रदेश के विकास में नई ऊर्जा का संचार करेगा।






























