मध्यप्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 जून को दो महत्वपूर्ण सौर ऊर्जा परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री नीमच के 500 मेगावॉट और शाजापुर के 450 मेगावॉट क्षमता वाले सोलर पार्क का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश की पहली 440 मेगावॉट मुरैना सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना के लिए पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) भी किया जाएगा।
भोपाल@साबिर खान fm
इस अवसर पर केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी और प्रदेश के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान लगभग 1553.98 करोड़ रुपये की औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने बताया कि मुरैना सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना मध्यप्रदेश की पहली ऊर्जा भंडारण परियोजना होगी। इस परियोजना के लिए 2.70 रुपये प्रति यूनिट की दर प्राप्त हुई है, जिसे देश की सबसे कम दरों में माना जा रहा है।
वहीं, नीमच के 500 मेगावॉट सोलर पार्क की विद्युत दर 2.14 से 2.15 रुपये प्रति यूनिट तथा शाजापुर के 450 मेगावॉट सोलर पार्क की दर 2.33 से 2.35 रुपये प्रति यूनिट तय हुई है, जो देश की प्रतिस्पर्धी और न्यूनतम दरों में शामिल हैं।
मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध संचालक अमित तोमर ने बताया कि कार्यक्रम में औद्योगिक विकास और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं की शुरुआत होगी। इससे प्रदेश में हरित ऊर्जा उत्पादन, निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही निर्माणाधीन 550 मेगावॉट आगर सोलर पार्क भी प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को और मजबूत करेगा।






























