CM डॉ. मोहन यादव ने बैतूल के कुकरू में किया योग, रुद्राक्ष का पौधा रोपा; बोले- योग को बनाएं दैनिक दिनचर्या का हिस्सा..
बैतूल@साबिर खान fm
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने बैतूल जिले के कुकरू प्रवास के दूसरे दिन की शुरुआत योगाभ्यास से की। स्थानीय ग्रामीणों के साथ योग करते हुए उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने योगाभ्यास के दौरान शीर्षासन, मयूरासन सहित कई कठिन योगासन कर अपनी फिटनेस का परिचय दिया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन, भुजंगासन और शलभासन जैसे आसनों के साथ नाड़ी शोधन, भ्रामरी और तितली प्राणायाम भी स्थानीय ग्रामीणों के साथ किए। कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे और बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
योगाभ्यास के बाद मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने कुकरू स्थित कॉफी बागान का निरीक्षण कर वहां की गतिविधियों की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो तन, मन और आत्मा को संतुलन, ऊर्जा और सकारात्मकता प्रदान करता है। उन्होंने नागरिकों से स्वस्थ और सशक्त जीवन के लिए नियमित योग अपनाने की अपील की।






























