12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित गैरीसन ग्राउंड में राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योगाभ्यास कर देशवासियों को स्वस्थ, निरोग और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” रखी गई है।
जबलपुर@साबिर खान fm
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु और राज्यपाल मंगुभाई पटेल का स्वागत कर उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिकों ने भी सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को स्वयं से, समाज को प्रकृति से और मानवता को व्यापक विश्व चेतना से जोड़ने का माध्यम है। राष्ट्रपति ने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज तथा स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रतिदिन 20 से 30 मिनट का योग, प्राणायाम और ध्यान व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने योग को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का आधार बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की घोषणा के बाद दुनिया के 200 से अधिक देशों में योग का व्यापक प्रसार हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत ने योग के माध्यम से पूरी मानवता को स्वास्थ्य और कल्याण का अमूल्य संदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में ‘हर घर योग’ अभियान के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना का प्रतीक बताते हुए सभी नागरिकों से नियमित योग करने की अपील की।
योग दिवस के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन के लिए योग आज भी सबसे प्रभावी और सुलभ माध्यम है।






























