राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 18 जून से 22 जून तक पांच दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वे इंदौर, बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
भोपाल@साबिर खान fm
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 18 जून को इंदौर पहुंचेंगी। इसके बाद वे बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित “एम्पावरमेंट ऑफ ट्रायबल सोसायटी बाय स्पिरिचुअल अवेकनिंग” कार्यक्रम में शामिल होंगी। वहीं खंडवा जिले के ओंकारेश्वर पहुंचकर भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन और आरती में सहभागिता करेंगी।
19 जून को अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति की उपस्थिति रहेगी। इसके बाद 20 जून को वे जबलपुर पहुंचेंगी।
21 जून को राष्ट्रपति अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी तथा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के 36वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी।
22 जून को राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी। इसके बाद वे ग्वालियर पहुंचकर नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर राज्य शासन ने विभिन्न जिलों में उनकी अगवानी और विदाई के लिए मंत्रियों को “मिनिस्टर-इन-वेटिंग” नियुक्त किया है। इंदौर, बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर, श्योपुर और ग्वालियर में अलग-अलग मंत्रियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रपति का यह दौरा धार्मिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनजातीय सशक्तिकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के कारण विशेष महत्व रखता है।






























