मध्यप्रदेश में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के कलेक्टरों, पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों को परीक्षा के सुचारू एवं पारदर्शी संचालन के निर्देश दिए।
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीट राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक मशीन, सीसीटीवी कैमरे और जैमर 19 जून तक स्थापित कर 20 जून को उनका ट्रायल रन कराया जाए।
सीएम डॉ. यादव ने परीक्षार्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परिवहन संबंधी परेशानी आती है, तो प्रशासन और पुलिस अधिकारी शासकीय वाहन या आवश्यकता पड़ने पर अपने वाहन से भी उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और राष्ट्रपति के जबलपुर दौरे को देखते हुए यातायात व्यवस्था विशेष रूप से बेहतर बनाई जाए, ताकि किसी परीक्षार्थी को असुविधा न हो।
प्रदेश के 30 जिलों में कुल 283 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा के लिए दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग फ्रिस्किंग सुविधा, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, ओआरएस, क्लॉक रूम तथा अभिभावकों के लिए टेंट सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित होगी।






























