धार जिले के समीप स्थित आदर्श ग्राम सिरसोदा में 8 जून से 12 जून तक पांच दिवसीय ‘ग्राम दर्शन राम दर्शन’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राजवाड़ा चौक सेवा समिति एवं मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक मूल्यों को सशक्त बनाना तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण को बढ़ावा देना है…
धार@साबिर खान fm
राजवाड़ा चौक सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि समिति विगत कई वर्षों से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को संस्कारित करने का कार्य कर रही है। इसी कड़ी में कई गांवों में घर-घर रामचरितमानस की स्थापना कर नियमित पाठ और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया है।
पत्रकार वार्ता में दी आयोजन की जानकारी…
ग्राम सिरसोदा में होने वाले आयोजन की विस्तृत जानकारी मांडू स्थित चतुर्भुज श्रीराम मंदिर के महामंडलेश्वर श्री नरसिंहदास जी महाराज तथा राजवाड़ा चौक सेवा समिति के अध्यक्ष नवनीत जैन ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम महामंडलेश्वर श्री नरसिंहदास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित होगा और पांच दिनों तक विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
8 जून को होगा शुभारंभ…
आयोजन के प्रथम दिन 8 जून को समिति के पदाधिकारी चतुर्भुज श्रीराम मंदिर मांडू में 1100 तुलसी के पौधे समर्पित करेंगे। इसके बाद महामंडलेश्वर के करकमलों से तुलसी नर्सरी में पौधारोपण किया जाएगा।
9 जून को निकलेगी तुलसी यात्रा…
9 जून को आदर्श ग्राम सिरसोदा में तुलसी यात्रा के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ होगा। इस अवसर पर क्षेत्र में 51 हजार तुलसी के पौधों का वितरण किया जाएगा। साथ ही महामंडलेश्वर श्री नरसिंहदास जी महाराज का प्रेरक उद्बोधन भी होगा।
10 जून को नारी वंदन कार्यक्रम…
10 जून को नारी वंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें कथावाचिका देवी अंशिका जी एवं महू विधायक एवं पूर्व मंत्री Usha Thakur विशेष रूप से उपस्थित रहकर उद्बोधन देंगी।
11 जून को होगा सम्मान समारोह…
11 जून को आयोजित सम्मान समारोह में संगठित परिवारों, जैविक कृषकों, गोपालक परिवारों तथा सांस्कृतिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों का सम्मान किया जाएगा।
12 जून को महाआरती के साथ समापन…
कार्यक्रम का समापन 12 जून को महाआरती एवं समरसता प्रसादी के साथ होगा। इस अवसर पर लगभग 100 गांवों में औषधीय पौधों की नर्सरी प्रारंभ करने की योजना भी शुरू की जाएगी।
प्रतिदिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम…
आयोजन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा। वहीं प्रतिदिन संध्या काल में भजन, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सिरसोदा की लक्ष्मी रघुवंशी सहित अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






























