ग्वालियर के गोला का मंदिर इलाके में स्थित द लेगेसी प्लाजा अपार्टमेंट में मंगलवार रात करीब 2:30 बजे एक बड़ा हादसा हुआ। एलपीजी गैस लीक होने के कारण विस्फोट हुआ, जिससे फ्लैटों की दीवारें और कांच तक उड़ गए। यह घटना पहली मंजिल के एल-1 फ्लैट में घटी, जहां 34 वर्षीय रंजना जाट और उनके 36 वर्षीय चचिया ससुर अनिल जाट गैस लीक कर रील बनाने की कोशिश कर रहे थे। विस्फोट में दोनों 90% तक झुलस गए।
ग्वालियर@साबिर खान fm
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि रंजना और अनिल गैस सिलेंडर से गैस लीक कर वीडियो बना रहे थे। रंजना दस्ताने पहनकर सिलेंडर की नोज से गैस लीक कर रही थीं, जबकि अनिल वीडियो बना रहे थे। घटना के दौरान गैस पूरी तरह से फ्लैट में भर गई थी, और जैसे ही अनिल ने स्विच दबाया, स्पार्किंग हुई, जिससे आग लग गई और तेज धमाका हुआ।
हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में रंजना और अनिल को दिखाया गया, जिसमें वे घटना के बाद मौके से भागते हुए नजर आए।
यह घटना दो दिन पहले भी एक जैसी हुई थी, जब रंजना और अनिल ने सातवीं मंजिल पर गैस लीक करने की कोशिश की थी। उस समय भी गैस भरने से आसपास के फ्लैटों में गैस का असर हुआ था, और लोगों ने आपत्ति जताई थी।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है और मोबाइल की जांच की जा रही है, जिसमें वीडियो और फोटो मिले हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट के मुताबिक, गैस रिसाव से फ्लैट में वैक्यूम बना, और स्विच दबाने से विस्फोट हुआ। गनीमत रही कि आग में स्पार्किंग हुई, और ज्वलनशील पदार्थ से आग नहीं लगी, वरना कई परिवारों की जान खतरे में पड़ सकती थी। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।






























