चंडीगढ़ हरियाणा में कोरोना मरीजों को पतंजलि की एक लाख कोरोनिल किट मुफ्त बांटी जाएगी। ऐसा कोविड मरीजों के स्वास्थ्य लाभ के लिए किया जा रहा है।
चंडीगढ़@टीम भारतीय न्यूज़
यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर दी. उन्होंने कहा कि कोरोनिल का आधा खर्च पतंजलि और आधा हरियाणा सरकार कोविड राहत कोष से वहन करेगी। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि कोरोनिल से कोरोना मरीजों के ठीक होने का दावा किया जाता है. इसलिए सरकार हरियाणा के लोगों के स्वास्थ्य एवं उपचार के प्रति कृतसंकल्प है. सरकार कोरोना मरीजों के इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती, हम यथासंभव प्रयास कर रहे हैं। हरियाणा सरकार की इस पहल का स्वामी रामदेव ने स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की तरह दूसरी केंद्र व राज्य सरकारों को भी कोरोनामुक्ति की ऐसी पहल के लिए आगे आना चाहिए. पतंजलि अपने सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि ये कोरोनिल किट रामदेव की कंपनी पतंजलि द्वारा कोरोना मरीजों के लिए तैयार की गई दवा है. वहीं पिछले दिनों रामदेव ने एलोपैथी दवाओं और डॉक्टरों को लेकर सवाल उठाया था, जिसके बाद बवाल मच गया था. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन समेत विभिन्न संस्थाओं ने रामदेव के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी. स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने एलोपैथी के बारे में दिए गए योग गुरु रामदेव के बयान को रविवार को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए उन्हें इसे वापस लेने को कहा था. इसके बाद रामदेव ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन को पत्र लिखकर खेद जताया था।






























