धार-महू लोकसभा क्षेत्र के गंधवानी क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार-महू लोकसभा सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर के निरंतर प्रयासों से गंधवानी में उप डाकघर की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है।
भोपाल@साबिर खान fm
श्रीमती सावित्री ठाकुर की मांग पर केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गंधवानी शाखा डाकघर को उप डाकघर के रूप में उन्नयन किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। विभागीय कार्यवाही पूरी होने के बाद ग्राम गंधवानी में प्रस्तावित उप डाकघर शुरू किया जाएगा।
आदिवासी क्षेत्र में डाक सेवाओं का होगा विस्तार।
गंधवानी एक आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्र है। ऐसे में उप डाकघर की स्थापना से स्थानीय लोगों को डाक एवं उससे जुड़ी विभिन्न जनसेवाओं के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में डाक सेवाओं की पहुंच, वित्तीय समावेशन और कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की बात कही जा रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इस पहल के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गंधवानी जैसे आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार क्षेत्रवासियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने पर जोर…
सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का प्रयास है कि देश के प्रत्येक गांव और विशेषकर आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की पहुंच मजबूत हो। साथ ही विकास की मुख्यधारा से समाज के अंतिम व्यक्ति को जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार केवल प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
वित्तीय समावेशन और जनसेवाओं को मिलेगी गति..
गंधवानी में उप डाकघर की स्थापना को क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी, वित्तीय समावेशन और जनसेवाओं की सुगमता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद उप डाकघर के संचालन से स्थानीय नागरिकों को डाक संबंधी सेवाओं के लिए अधिक सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
नोट: उप डाकघर के संचालन की वास्तविक शुरुआत विभागीय कार्यवाही पूर्ण होने के बाद होगी।






























