हज यात्रियों को मिलेगी आधुनिक ट्रेनिंग और डिजिटल जानकारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत खान ने कहा—‘यह सिर्फ सम्मेलन नहीं, खिदमत का मिशन है’
जोधपुर@साबिर खान fm
हज यात्रियों को बेहतर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी का अखिल भारतीय हज सेवा सम्मेलन राजस्थान के जोधपुर में सम्पन्न हुआ। सूर्यनगरी जोधपुर में आयोजित इस सम्मेलन में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, दिल्ली, मुंबई, उत्तराखंड सहित राजस्थान के करीब 30 जिलों से सोसायटी से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन का आयोजन जोधपुर रिसोर्ट, पाल चौपासनी बायपास पर किया गया। कार्यक्रम में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष ओमकार वर्मा, ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत खान, राष्ट्रीय महासचिव सैय्यद रियाज तथा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सुपारस भंडारी बतौर अतिथि मौजूद रहे। विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के नेशनल को-ऑर्डिनेटर एवं मध्यप्रदेश प्रभारी आबिद कागजी ने भी सम्मेलन में सहभागिता की।
कुरआन पाक की तिलावत से शुरुआत, दुआ के साथ समापन..
सम्मेलन की शुरुआत कुरआन पाक की तिलावत से हुई और कार्यक्रम का समापन दुआ के साथ किया गया। इस दौरान राजस्थान इकाई के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष इंतखाब आलम का मध्यप्रदेश इकाई के पदाधिकारियों ने सनद और शाल भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर मोईन मतीन बुरहानपुर, इंजीनियर इमरान खान इंदौर, मोहम्मद आरिफ मंसूरी खाचरौद, डॉक्टर मुख्तार शेख खरगोन, अब्दुल गफ्फार खत्री सेंधवा, अब्दुल रहीम तिगाले बड़वानी, रियाज उल हक अंसारी बुरहानपुर, मोहम्मद बिलाल खत्री खट्टाली अलीराजपुर, इकबाल अंसारी बुरहानपुर, शाहिद निजामी मंदसौर, सरवर खान मंदसौर और शाहरुख खान मंदसौर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
23 राज्यों में सोसायटी के विस्तार की जानकारी..
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत खान ने संस्था की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोसायटी का विस्तार देश के 23 राज्यों में हो चुका है।
मुकीत खान ने कहा कि सोसायटी का संकल्प देश के प्रत्येक राज्य में मजबूत संगठन खड़ा करना, हर जिले में हज सेवा केंद्र स्थापित करना, आधुनिक हज ट्रेनिंग और डिजिटल जानकारी उपलब्ध कराना तथा प्रत्येक हज यात्री की सम्मानपूर्वक सेवा करना है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक सम्मेलन नहीं, बल्कि खिदमत का मिशन है। इसका उद्देश्य एक-दूसरे से सीखना, लोगों को जोड़ना और भविष्य की योजनाओं को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना है।
‘भारत हज सेवा रत्न सम्मान’ का ऐलान..
राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत खान ने सम्मेलन के मंच से ‘भारत हज सेवा रत्न सम्मान’ शुरू करने की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि जोधपुर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के बाद सोसायटी से जुड़कर बेहतर हज सेवा और खिदमत करने वाली शख्सियतों को प्रत्येक राज्य में सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान सोसायटी के प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल होगा और इसका वितरण आगामी भव्य कार्यक्रम में किया जाएगा।
राजस्थान इकाई ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी को दिया 51 हजार रुपये का सहयोग..
सम्मेलन के दौरान राजस्थान यूनिट की ओर से सोसायटी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी को 51 हजार रुपये का सहयोग प्रदान किया गया। प्रदेश अध्यक्ष इंतखाब आलम ने सहयोग राशि का चेक राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत खान को सौंपा।
राष्ट्रीय महासचिव सैय्यद रियाज ने राजस्थान इकाई का आभार जताते हुए कहा कि सहयोग राशि का उपयोग सोसायटी द्वारा आयोजित किए जाने वाले शैक्षणिक कार्यक्रमों में किया जाएगा।
हज यात्रियों के लिए प्रशिक्षण और मार्गदर्शन पर जोर..
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने सोसायटी की ओर से हज यात्रियों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि हज यात्रियों को सही मार्गदर्शन, बेहतर ट्रेनिंग, पारदर्शिता और सेवा उपलब्ध कराने के लिए देशभर में मजबूत हज सेवकों की टीम तैयार करना जरूरी है।
सम्मेलन में सभी प्रतिनिधियों को राजस्थान इकाई की ओर से स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सोसायटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फरहत आलम लखनऊ, उत्तरप्रदेश इकाई के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मुदस्सिर कुरैशी आगरा, दिल्ली राज्य इकाई के प्रदेश अध्यक्ष शकील अहमद, राजस्थान हज वेलफेयर सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी हाजी निजामुद्दीन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।






























