मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए सोमवार का दिन सम्मान और उत्साह से भरा रहा। भोपाल के रवींद्र भवन में पुलिस की नई भर्ती और पदोन्नति के लिए आभार प्रदर्शन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवीन भर्ती में चयनित पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, वहीं पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को बैज लगाकर सम्मानित किया..
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की खाकी वर्दी प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान पूरी निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभाएं, सरकार उनके और उनके परिवार के कल्याण के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी।
27 हजार 534 पुलिसकर्मियों को मिला प्रमोशन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि सरकार ने पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में रिकॉर्ड 27,534 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया लागू होने में समय लगा और इस दौरान करीब 20 हजार पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त हो गए।
उन्होंने बताया कि पदोन्नति के बाद 30 रक्षित निरीक्षक उप पुलिस अधीक्षक यानी डीएसपी के पद पर पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी क्षमता और योग्यता के आधार पर आगे बढ़ रहे हैं और पदोन्नति से उनका मनोबल बढ़ेगा।
नई भर्तियों से मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था
मुख्यमंत्री के अनुसार वर्ष 2023 से अब तक विभिन्न संवर्गों में 14,704 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है। वहीं वर्ष 2026 में विभिन्न पदों पर 9,751 पुलिसकर्मियों की भर्ती को मंजूरी दी गई है।
सरकार का लक्ष्य आगामी दो वर्षों में आरक्षक और सब-इंस्पेक्टर के शेष पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का है। मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैगा, भारिया और सहरिया वर्ग के लिए विशेष बटालियन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुलिस बल के विस्तार से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि खंडवा जिले में नई पुलिस बटालियन स्थापित की जाएगी। इसके अलावा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के रूप में तीन नई बटालियन बनाई जाएंगी। इनमें अति पिछड़े वर्गों के साथ बैगा, भारिया और सहरिया समुदायों की कंपनियां शामिल होंगी।
नक्सलवाद के खिलाफ पुलिस की भूमिका की सराहना
मुख्यमंत्री ने चंबल क्षेत्र से दस्यु समस्या खत्म करने और प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कराने में पुलिस के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने अपनी कार्यक्षमता और साहस के बल पर देशभर में अलग पहचान बनाई है।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने भी कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और प्रशिक्षण को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक नई नियुक्तियां हुई हैं। नई भर्तियों से अपराध नियंत्रण और आंतरिक सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सिंहस्थ 2028 के लिए भी तैयारियां
डीजीपी ने बताया कि नई भर्ती के बाद प्रशिक्षित पुलिस बल को सिंहस्थ 2028 जैसे बड़े आयोजन में भी तैनात किया जा सकेगा। इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस, पुलिस बैंड और अन्य आवश्यक इकाइयों को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
पदोन्नति ने बदली पुलिसकर्मियों की उम्मीद
समारोह में पदोन्नत पुलिस अधिकारियों और नए चयनित पुलिसकर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों के लिए यह निर्णय सम्मान और नई ऊर्जा देने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और साहस के साथ निभाए, सरकार पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनके परिवारों की चिंता करेगी। समारोह में गृह विभाग और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।






























