मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य शूटिंग अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान युवाओं और खिलाड़ियों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 अगस्त, अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर भोपाल में युवाओं और नागरिकों की भागीदारी से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
भोपाल@साबिर खान fm
बैठक में मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के पोषण, आधुनिक प्रशिक्षण और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ओलंपिक, एशियाड और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेहतर प्रोत्साहन, पुरस्कार और शासकीय सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए प्रोत्साहन एवं पुरस्कार नियम जल्द तय करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में मल्लखंभ और जिम्नास्टिक अकादमी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी सांदीपनि विद्यालयों की उपलब्ध भूमि पर खेल परिसर विकसित करने की योजना बनाई जाए और इसके लिए खेल, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा युवा आयोग मिलकर कार्य करें।
बैठक में खेल अधोसंरचना के विस्तार, निर्माणाधीन खेल परिसरों में हेलीपैड की व्यवस्था, केंद्रीय अनुदान प्राप्त करने के प्रयास तेज करने और जिन परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन लंबित है, उन्हें प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने विभाग में सिविल विंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) की स्थापना पर भी विचार करने को कहा, ताकि खेल अधोसंरचना के निर्माण और रखरखाव की गुणवत्ता बेहतर हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में पिछले पांच वर्षों के खेल प्रदर्शन का विश्लेषण कर उसी के अनुसार खेल सुविधाओं का विकास किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम युवा शक्ति योजना के कार्यों में तेजी लाई जाए और प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।






























