महिला सशक्तिकरण, रोजगार और विकास पर जोर, थांदला में आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों को वितरित किए लाभ…
झाबुआ@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को झाबुआ जिले के थांदला में आयोजित स्व-सहायता समूहों के क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम में प्रदेशभर के स्व-सहायता समूहों को सिंगल क्लिक के माध्यम से 300 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने झाबुआ जिले में 174.64 करोड़ रुपये की लागत के 29 विकास कार्यों का भूमि-पूजन तथा 109.17 करोड़ रुपये की लागत के 28 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसानों से संवाद किया। उन्होंने रणजी टीम में चयनित थांदला के क्रिकेटर अर्पित भटेवरा को सम्मानित किया और किसानों एवं युवाओं को हेलमेट भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेज़ी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन रहे हैं और आज प्रदेश की लाखों महिलाएं स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं।
डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित कैफे, आजीविका पुस्तकालय, कृषि, पशुपालन, जैविक खेती और अन्य उद्यम महिलाओं की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला किसान उत्पादक संगठनों ने करोड़ों रुपये का व्यापार किया है और “लखपति दीदी” अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने झाबुआ के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने 70 करोड़ रुपये की लागत से आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय, 35 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले सांदीपनि विद्यालय, थांदला में पक्के हेलीपैड, रेल सुविधा, प्रत्येक विधानसभा में खेल स्टेडियम तथा विभिन्न घाट निर्माण कार्यों की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों और एमएसएमई के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ा रही है। हाल ही में ग्वालियर को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन और धार जिले को पीएम मित्रा पार्क जैसी परियोजनाओं का लाभ मिला है, जिससे झाबुआ, धार और आलीराजपुर सहित पूरे क्षेत्र में रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा, जनकल्याण और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।






























