मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने निवास पर अंडर-18 पुरुष एवं महिला हॉकी एशिया कप-2026 के पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी प्रदेश के लिए गर्व की बात है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन देती रहेगी।
भोपाल@साबिर खान fm
जापान के काकामिगाहारा शहर में 29 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित अंडर-18 हॉकी एशिया कप में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय पुरुष टीम में मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी, भोपाल के छह खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि महिला टीम में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी, ग्वालियर की चार खिलाड़ियों ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये तथा कांस्य पदक जीतने वाली प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम, सिवनी और बड़वानी जैसे जिलों के कई खिलाड़ी साधारण परिवारों से आते हैं, लेकिन अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य के एशियाई खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने खिलाड़ियों और कोचों की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की हॉकी अकादमियां लगातार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार कर रही हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाया।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की खिलाड़ी नौसीन नाज ने 12 गोल कर टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर बनने का गौरव हासिल किया, जबकि मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी के खिलाड़ी आयुष रजक को बेस्ट गोलकीपर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।






























