विश्व सिकल सेल दिवस 2026 के अवसर पर खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
खंडवा@साबिर खान fm
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के अंतर्गत मध्यप्रदेश की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में शुरू किए गए मिशन के तहत निर्धारित स्क्रीनिंग लक्ष्य समय से पहले पूरा होना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि देशभर में नवजात शिशुओं से लेकर 40 वर्ष तक के 7 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है, जबकि मध्यप्रदेश में 1.25 करोड़ से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। उन्होंने इसे आनुवंशिक रोगों की जांच के क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी पहलों में से एक बताया।
राष्ट्रपति ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया केवल स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि जनजातीय कल्याण, जागरूकता, जेनेटिक काउंसलिंग और सामाजिक व्यवहार परिवर्तन से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक देशभर में लगभग 2.5 लाख रोगियों और 20 लाख से अधिक वाहकों की पहचान की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 में मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 1.32 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है तथा गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों और जनजातीय क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के अंत तक 1.60 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सिकल सेल जागरूकता पर आधारित लघु फिल्म और जनजागरूकता वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया।






























