यूँ तो टाइगर को देखने लोग कहाँ-कहाँ नहीं जाते हैं। लेकिन कभी-कभी टाइगर अकस्मात और ऐसी जगह भी नजर आ जाता है, जहां की कल्पना भी नहीं होती।
बैतूल@टीम भारतीय न्यूज़
ऐसा ही कुछ बैतूल के शाहपुर निवासी व्यापारी के साथ भी होने का दावा किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि साप्ताहिक बाजार से लौटते समय रात के अंधेरे में अचानक पिकअप वाहन से चंद कदम दूर से देखने का अवसर उन्हें मिल गया।यह टाइगर मादा है या नर, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। लेकिन दानवाखेड़ा गाँव के पास रात में सड़क पार करते हुए यह टाइगर नजर आया है। कहा जा रहा है कि साप्ताहिक बाजार से लौट रहे शाहपुर के एक व्यापारी ने इस नजारे को कैमरे में कैद किया है। पिकअप वाहन जब जंगल से गुजर रहा था तो अचानक जंगल में कुछ चमकते नजर आया। इस पर वाहन रोका तो कुछ ही देर में सामने टाइगर नजर आया।बताया जाता है कि इस टाइगर की चहलकदमी सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से सटे दानवाखेड़ा गाँव के नजदीक हो रही है।इसके बावजूद टाइगर की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताते हैं कि सूचना मिलने पर वन विभाग ने भी इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। हालांकि वन विभाग ने वीडियो की पुष्टि नहीं की है। उल्लेखनीय है कि पहले भी इस क्षेत्र में टाइगर नजर आते रहे हैं।






























