मध्यप्रदेश के लिए 5 जुलाई का दिन ऐतिहासिक बन गया। शिवपुरी अब देश के रक्षा उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में उभरने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यहां ₹2500 करोड़ की लागत से बनने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। इस परियोजना से प्रदेश में रोजगार, उद्योग और रक्षा क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।
शिवपुरी@साबिर खान fm
शिवपुरी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी समूह के करण अदाणी और जीत अदाणी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹211 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल की धरती हमेशा देशभक्ति और वीरता की पहचान रही है। अब यही क्षेत्र देश की रक्षा क्षमता को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यहां बनने वाली अत्याधुनिक रक्षा प्रणालियां और मिसाइलें भारत की सुरक्षा को नई मजबूती देंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना से लगभग 5 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और छोटे एवं मध्यम उद्योगों को भी रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
उन्होंने शिवपुरी को पर्यटन और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने की बात कही। साथ ही 14 किलोमीटर फोरलेन सड़क, मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट, 200 बिस्तरों वाले मातृ-शिशु अस्पताल, नए कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्र, कृषि उपज मंडी और सांदीपनि विद्यालय जैसी कई विकास योजनाओं की भी घोषणा की।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी आज राष्ट्र निर्माण के नए इतिहास की साक्षी बन रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को यह परियोजना नई मजबूती देगी। वहीं अदाणी समूह के युवा नेतृत्व जीत अदाणी ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाला यह प्लांट आधुनिक रक्षा उपकरणों और मिसाइल निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा मध्यप्रदेश के विकास में नया अध्याय जोड़ेगा।
₹2500 करोड़ की यह डिफेंस परियोजना न केवल मध्यप्रदेश की औद्योगिक पहचान को नई ऊंचाई देगी, बल्कि रोजगार, निवेश और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूत आधार प्रदान करेगी।






























