मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नीमच के 500 मेगावाट सोलर पार्क और ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको गांधीसागर पम्प स्टोरेज परियोजना का एरियल सर्वे किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और तकनीकी जानकारी ली।
नीमच@साबिर खान fm
करीब 11,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही 1920 मेगावाट क्षमता की यह परियोजना देश की सबसे बड़ी पम्प स्टोरेज परियोजनाओं में शामिल है। इससे प्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और हरित ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलेगी।
परियोजना में आधुनिक पम्प स्टोरेज तकनीक के जरिए जल का पुनः उपयोग कर बिजली का उत्पादन किया जाएगा। निर्माण कार्य में फिलहाल 3 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है, जबकि परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र में उद्योग, रोजगार और स्वच्छ ऊर्जा को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक माधव मारू, ग्रीनको के अधिकारियों सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






























