मध्यप्रदेश सरकार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें जयंती वर्ष के अवसर पर 23 जून से 6 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महापौरों एवं नगर पालिका अध्यक्षों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश जारी किए।
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय चेतना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, समर्पण और नेतृत्व की प्रेरणा देने का महत्वपूर्ण अवसर है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 23 जून (पुण्यतिथि) से 6 जुलाई (जयंती) तक प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में श्रद्धांजलि सभाएं, विचार गोष्ठियां, संगोष्ठियां एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही डॉ. मुखर्जी के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें जन-जन तक पहुंचाया जाए।
गौरतलब है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई 1901 को हुआ था, जबकि 23 जून 1953 को उनका निधन हुआ। उन्हें शिक्षाविद, चिंतक, सांसद और दूरदर्शी राजनेता के रूप में जाना जाता है। राज्य सरकार इस विशेष पखवाड़े के माध्यम से उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।






























