धार नगर पालिका परिषद धार के वार्ड क्रमांक-12 स्थित जानकीनगर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई पेयजल पाइपलाइन का शुभारंभ किया गया। लंबे समय से पर्याप्त जलापूर्ति की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए धन्यवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया।
धार@साबिर खान fm
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती टीना विपिन राठौर और नगर पालिका परिषद धार के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के.वी. सिंह का पुष्पमालाओं से सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। लोगों ने नई पाइपलाइन शुरू होने पर उम्मीद जताई कि अब क्षेत्र में पेयजल की समस्या काफी हद तक दूर होगी और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
सीएमओ ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी के.वी. सिंह ने कहा कि किसी भी शहर के समग्र विकास में नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी आदत बनाने, पर्यावरण संरक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा नागरिक अनुशासन का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए तो धार शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।
जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना
क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती टीना विपिन राठौर ने कहा कि जनता अपने जनप्रतिनिधियों का चुनाव बड़ी उम्मीदों और विश्वास के साथ करती है। ऐसे में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास कार्यों को प्राथमिकता देना उनका नैतिक दायित्व है।
उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और वार्ड में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों को और अधिक बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने नागरिकों से समाजहित में किए जा रहे सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने की भी अपील की।
बड़ी संख्या में नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विपिन राठौर, रतन जाट, हेमंत प्रजापत, मुकेश जाट, दिनेश चौधरी, राजू राठौर, घनश्याम पाटीदार, सूरज प्रजापत, रेणुका शर्मा, वंदना गायकवाड, शीतल राठौर, रमिला राठौर, सुनीता दुडे, रेखा राठौर, ज्योति प्रजापत, माया पाटीदार, गायत्री जाट, लालकुंवर ठाकुर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






























