मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को सिवनी जिले के दौरे पर एक अलग ही अंदाज में नजर आए। धान महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री खेत में उतरे, किसानों के साथ धान की बुवाई की, उनके बीच बैठकर भोजन किया और आत्मीय संवाद कर खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री की यह सादगी लोगों के बीच चर्चा का विषय रही।
सिवनी@साबिर खान fm
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिवनी जिले के विकास के लिए 349.33 करोड़ रुपये की लागत से 586 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 144.80 करोड़ रुपये की लागत से 43 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने बालाघाट-सिवनी फोरलेन सड़क, चमारा विकासखंड में शासकीय महाविद्यालय, स्टेडियम सहित कई नई विकास परियोजनाओं की भी घोषणा की।

धान महोत्सव एवं कोदो-कुटकी बोनस वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश की धान को जीआई टैग मिला है। उन्होंने बताया कि रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के 3,941 किसानों को कोदो-कुटकी बोनस के रूप में लगभग 2.83 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई। राज्य सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ बोनस भी उपलब्ध करा रही है तथा पहली बार सरकारी स्तर पर कोदो-कुटकी की खरीद का अभियान शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के अंतर्गत 16,754 श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। उन्होंने कहा कि संबल योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु, सामान्य मृत्यु और दिव्यांगता की स्थिति में आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि धान उत्पादक किसानों को भी भविष्य में भावांतर योजना का लाभ दिया जाएगा, जिससे एमएसपी और बाजार मूल्य के अंतर की भरपाई सरकार करेगी। साथ ही श्रीअन्न (मिलेट्स) की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसी माह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के लिए प्रस्ताव लाएगी तथा अब तक प्रदेश में 10 लाख से अधिक लोगों ने यूसीसी के समर्थन में अपने सुझाव दिए हैं।






























