मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की बड़ी घोषणा की है। दो दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यटन, कृषि, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की।
बैतूल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुकरू में 15 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत पर्यटन परियोजना विकसित की जाएगी, जिसमें ईको टूरिज्म, सनराइज और सनसेट पॉइंट, ईको रिसॉर्ट, ट्रैकिंग और एडवेंचर गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही स्थानीय जनजातीय परिवारों के लिए होम-स्टे विकसित किए जाएंगे, जिनकी बुकिंग मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के माध्यम से होगी।
मुख्यमंत्री ने कुकरू से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की, बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई तथा ग्रामीणों के साथ योगाभ्यास कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने किसान सहादेव गायनी के खेत में हल चलाकर मक्का की बुवाई भी की और किसानों का उत्साहवर्धन किया।
स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने मावा, रबड़ी, कॉफी, हनी, आंवला, सफेद मूसली और अन्य प्राकृतिक उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए “कुकरू नेचर” ब्रांड विकसित करने की घोषणा की। साथ ही कॉफी उत्पादन, प्रोसेसिंग और विपणन को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ रुपये की परियोजना भी स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क, पुलिया, तालाब, छात्रावास, वेलनेस सेंटर और अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण सहित कई विकास कार्यों की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और कुकरू भविष्य में मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा।






























