धार शहर कांग्रेस ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में जिला प्रशासन और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जताई।
धार@साबिर खान fm
शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर सिंह टोनी छाबड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इन मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने जिला कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। ज्ञापन में कहा गया कि शहर के कई इलाकों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे के ढेर लगे हुए हैं। लालबाग परिसर और महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास भी गंदगी फैली हुई है। साथ ही कई नालियों के जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे मानसून के दौरान बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ सकती है।
कांग्रेस ने ज्ञापन में शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या का मुद्दा भी उठाया। पार्टी का कहना है कि इससे आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से सफाई व्यवस्था में सुधार और आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
वहीं, राज्यपाल के नाम सौंपे गए दूसरे ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के संबंध में कथित तौर पर की गई टिप्पणियों पर आपत्ति दर्ज कराई। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मर्यादा और लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताते हुए मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा भविष्य में शालीन भाषा के प्रयोग की अपेक्षा जताई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर सिंह टोनी छाबड़ा, पार्षद अजय सिंह ठाकुर, ईश्वर ठाकुर, बंटी डोड, अशोक सोलंकी, करीम कुरैशी, प्रकाश नायक, कैलाश तिवारी, कैलाश चंद्र शर्मा, सुनील चौहान, भेरू चौहान, त्रिलोक डोडिया, अभिजीत तिवारी, अभय चौहान, रत्नेश जांगड़े, बिहारी डोडिया, मनोज चौहान, अर्पित बाबा, राजेश यादव, रिंकू यादव, करन चौहान, शिवा चौहान, बिहारी सोलंकी, मिक्की गरासिया, अज्जू ठाकुर, मुकेश मालवीय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


































