धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक को विवाह का झांसा देकर आरोपियों ने उससे लाखों रुपए ऐंठ लिए और शादी का नाटक रचने के बाद दुल्हन आठ दिन में गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। पुलिस ने दुल्हन समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फरियादी दिनेश पिता गोपाल (32 वर्ष), निवासी एसबी रोड राजोद, की शादी लंबे समय से नहीं हो पा रही थी। इसी का फायदा उठाते हुए ग्राम बरमण्डल निवासी उमेश पिता हीरालाल मारू ने उसे विवाह कराने का आश्वासन दिया। आरोप है कि लड़की दिखाने और शादी तय कराने के नाम पर दिनेश से 4 लाख 25 हजार रूपए लिए गए।
योजना के तहत 16 जनवरी को पहले खरगोन में शपथ-पत्र तैयार कराया गया, इसके बाद उज्जैन स्थित प्रसिद्ध चिंतामन गणेश मंदिर में दिनेश की शादी अनिता नामक युवती से कराई गई, जो उमरखाली, खरगोन की रहने वाली बताई गई। शादी के बाद अनिता राजोद स्थित दिनेश के घर पत्नी बनकर रहने लगी।
करीब आठ दिन बाद साजिश के तहत अनिता की मां भूरीबाई और रवि बरोर राजोद पहुंचे। उन्होंने पगफेरे की रस्म का बहाना बनाया और अनिता को अपने साथ ले गए। इसके बाद अनिता वापस नहीं लौटी। काफी इंतजार और तलाश के बाद दिनेश को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने राजोद थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अनिता, उसकी मां भूरीबाई, रवि बरोर और उमेश मारू के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।


































