मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में कार्यरत दो पुलिसकर्मियों को विशेष कार्य के लिए आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन दिया गया है।
इनमें उप निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी और आरक्षक राहुल जाट शामिल हैं। यह पदोन्नति उन्हें एनआईए के मोस्ट वांटेड और ₹5 लाख के इनामी आतंकी फिरोज उर्फ सब्जी की गिरफ्तारी के लिए मिली है।
रतलाम@टीम भारतीय न्यूज़
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 2 अप्रैल 2025 को रतलाम के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरनीपुरा में प्रतिबंधित आतंकी संगठन “अल सुफा” के सदस्य फिरोज उर्फ सब्जी को गिरफ्तार किया गया था। फिरोज लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था।
इस गिरफ्तारी में एसआई सत्येंद्र रघुवंशी और आरक्षक राहुल जाट की सक्रिय भूमिका रही। उनके इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा दोनों के आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन की अनुशंसा की गई थी।
प्रस्ताव को पदोन्नति समीक्षा समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ इसका सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया। समिति की सिफारिश के आधार पर:
उप निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी को “निरीक्षक” के पद पर
आरक्षक राहुल जाट को “कार्यवाहक प्रधान आरक्षक” के पद पर क्रम से पूर्व पदोन्नति दी गई है।
यह प्रमोशन मध्यप्रदेश पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 70(ख) के अंतर्गत मान्य किया गया है, और दोनों अधिकारियों को गिरफ्तारी की तिथि से उच्च पद पर कार्यभार संभालने की स्वीकृति दी गई है।
आतंकी फिरोज उर्फ सब्जी पर देश के अलग-अलग हिस्सों में आतंकी साजिशों में संलिप्तता के आरोप थे। एनआईए द्वारा उसकी तलाश काफी समय से की जा रही थी। रतलाम पुलिस की सतर्कता और कार्रवाई ने न सिर्फ एक वांछित आतंकवादी को पकड़ा, बल्कि राज्य और केंद्र सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण भी प्रस्तुत किया।
रतलाम पुलिस की यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ चल रहे राष्ट्रीय अभियान को मजबूती देती है। साथ ही, इस तरह की त्वरित और साहसिक कार्रवाइयों को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन जैसे कदमों से सम्मानित करना पुलिस बल के मनोबल को भी बढ़ाता है।


































