मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति की मौत के महज दसवें दिन एक 40 वर्षीय विधवा महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। मामला पदमनगर थाना क्षेत्र का है।
खंडवा@टीम भारतीय न्यूज़
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, घटना 20 मार्च की है। महिला अपने मायके जाने के लिए घर से निकली थी, तभी पहले से परिचित बादल नायक नामक युवक उसे रिक्शा से छोड़ने की बात कहकर अपने साथ ले गया। रिक्शा में उसका साथी चेतन भी मौजूद था। बस स्टैंड ले जाने की बजाय दोनों उसे किशोर कुमार समाधि स्थल के पीछे सुनसान इलाके में ले गए।
महिला का आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई, जबरन शराब पिलाई गई और फिर दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता को शाम 7 बजे से लेकर रात 1 बजे तक बंधक बनाकर रखा गया।
पति की मौत के बाद गहरे सदमे में थी महिला..
पीड़िता ने बताया कि 10 मार्च को एक सड़क हादसे में उसके पति की मौत हो गई थी। दोनों इंदौर में मजदूरी करते थे। अंतिम संस्कार के बाद वह खंडवा लौट आई थी और दसवें के कार्यक्रम के बाद मायके जा रही थी, तभी यह भयावह घटना हुई।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा अभी फरार..
पदमनगर थाना प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि महिला की शिकायत पर तत्काल गैंगरेप और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी चेतन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी बादल नायक अभी फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी..
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण करवाया है और फॉरेंसिक टीम से भी साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। मामले की जांच तेज़ी से की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



































